पवई-पन्ना-
पवई। पवई के कलेही माता मंदिर परिसर में रविवार को संयुक्त वन प्रबंधन समितियों का एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र की विभिन्न ग्राम वन समितियों के प्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आदि शक्ति माता कलेही के दर्शन के उपरांत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अधिकारियों ने संयुक्त वन प्रबंधन के तहत किए जा रहे कार्यों, वन संरक्षण की चुनौतियों तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों को वन संरक्षण, जैव-विविधता संवर्धन, वनों से जुड़े आजीविका साधनों तथा नवीन योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि वन संरक्षण तभी सफल होगा जब स्थानीय समुदाय सक्रिय भूमिका निभाएगा। सम्मेलन में बेहतर कार्य करने वाली समितियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने वन संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक संकल्प लिया । कार्यक्रम के अंत मे वन परिक्षेत्र अधिकारी नीतेश पटेल सभी का आभार व्यक्त किया।
