राजस्थान राजसमंद।
राजसमंद जिले में भी पंचायत परिसीमन को लेकर ग्रामीणों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। शिशवी की ढाणी के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर से मुलाकात कर नवसृजित सोडावास पंचायत में शामिल किए जाने का कड़ा विरोध जताया। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर मांग की कि उनकी ढाणी को पूर्व की भांति पुरानी शिशवी पंचायत में ही यथावत रखा जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सोडावास पंचायत गांव से काफी दूरी पर है और क्षेत्रीय भौगोलिक स्थिति भी असमतल है, जिससे आमजन को आवाजाही और मूलभूत कार्यों में परेशानी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में ढाणी को सोडावास पंचायत में जोड़ा गया है, जबकि अधिकांश ग्रामीण इस निर्णय से सहमत नहीं हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से परिसीमन की पुनर्समीक्षा कर तर्कसंगत समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मांग पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी समस्या का संज्ञान लेकर उचित निर्णय लेगा।
