यूपी के जनपद फर्रुखाबाद से बड़ी खबर निकल कर अमृतपुर/फर्रुखाबाद:- राजपुर से पिथनापुर जाने वाले मार्ग पर एक मोड़ के पास युवक अंजेश राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अंजेश राजपूत पुत्र राकेश राजपूत निवासी ग्राम गुडेरा के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मां संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों ने सड़क हादसे की थ्योरी को सिरे से खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के मुताबिक बीती 21 तारीख की रात करीब तीन बजे गोविंद पुत्र अमर सिंह निवासी छपरा अंजेश को अपने साथ ले गया था। इसके बाद उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अंजेश की हत्या कर मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की जा रही है।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अंजेश को जिला अस्पताल लोहिया ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी एक बहन भी है।
घटना के बाद जब पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया तो उन्होंने अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया। इसी को लेकर आक्रोशित परिजनों ने शव को राजपुर–बदायूं रोड पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजन हत्यारोपितों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े रहे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
इस संबंध में थाना अमृतपुर अध्यक्ष मोनू शाक्य ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी कार्रवाई चौकी इंचार्ज राहुल कुमार द्वारा संपन्न कराई गई। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में साइबर क्राइम से जुड़े एंगल भी सामने आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपित गोविंद, अंजेश के माध्यम से साइबर अपराध की गतिविधियों को अंजाम देता था।
फर्रुखाबाद रिपोर्टर शांताराम राजपूत
