महाराष्ट्र नंदुरबार ( जाविद शेख )
नंदुरबार शहर के मुख्य उड़ान पुल पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने के कारण लगातार हो रहे सड़क हादसों की पुलिस जांच में भारी दिक्कतें सामने आ रही हैं। आए दिन इस उड़ान पुल पर दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं, लेकिन निगरानी व्यवस्था न होने से घटना की सटीक जानकारी, वाहन की पहचान और दोषियों तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हादसे के बाद कई बार वाहन चालक मौके से फरार हो जाते हैं, और सबूतों के अभाव में पुलिस को केवल चश्मदीदों के बयान पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे कई मामलों में पूरी और निष्पक्ष जांच अधूरी रह जाती है, जिससे पीड़ितों को न्याय मिलने में भी देरी होती है।
पब्लिक भी मानता है कि यदि उड़ान पुल पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, तो दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के साथ-साथ अपराधों पर भी लगाम लगाई जा सकती है। वहीं नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द उड़ान पुल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि हादसों में कमी आए और जांच प्रक्रिया को मजबूती मिल सके।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन समय रहते जागेगा, या फिर नंदुरबार का यह उड़ान पुल यूं ही हादसों का गवाह बना रहेगा
