झाँसी–ललितपुर टोलवे प्रा. लि. के बबीना टोल प्लाजा पर 28 नवंबर से 04 दिसंबर 2025 तक एक सप्ताह का निःशुल्क नेत्र शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह शिविर क्यूबरूट फाउंडेशन के अंतर्गत समाजसेवी संस्था SWARG (Society for Welfare Advancement Ruler Generation), प्रयागराज की विशेषज्ञ चिकित्सक टीम के सहयोग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में RTO विभाग से श्री संजय सिंह मुख्य अतिथि तथा महेश उदके (RE) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर के दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं, विशेषकर लंबी दूरी तय करने वाले ट्रक चालकों की विस्तृत नेत्र जाँच की गई। चिकित्सकों ने आवश्यकता अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क दवाइयाँ एवं चश्मे (आई ग्लासेस) प्रदान किए, जिससे चालकों ने काफी राहत महसूस की। परियोजना प्रमुख श्री प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में टोल मैनेजर श्री अभिषेक सिंह एवं उनकी टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित ड्राइविंग तथा समय-समय पर नेत्र-जाँच की आवश्यकता के संबंध में जागरूक भी किया। शिविर के दौरान अनेक वाहन चालकों को निःशुल्क नेत्र परीक्षण के साथ-साथ दवाइयाँ एवं मिठाइयाँ वितरित की गईं। एक सप्ताह में 600 से अधिक लाभार्थियों (मुख्यतः ट्रक चालक) की जाँच कर डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आवश्यक उपचार सामग्री प्रदान की गई। शिविर का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में कम विज़िबिलिटी के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना तथा उन्हें बेहतर दृष्टि एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कराना रहा। कार्यक्रम में परियोजना प्रबंधक विजय कौशिक, आकाश कुमार शर्मा, अरुण कुमार राणा, रण विजय सिंह, कृष्णा कुमार, अंकित कुमार, अनूप सिंह सहित टोल प्लाजा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
बबीना संवाददाता आरिफ मंसूरी
