राजस्थान राजसमंद जिले में शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित संस्था सनराइज एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाथद्वारा का 19वाँ स्थापना दिवस बुधवार को विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने हर्षोल्लास व्यक्त करते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या शिप्रा भाटिया ने की। उन्होंने उद्बोधन में कहा की विद्यालय की 2006 में स्थापना के पश्चात 19 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। गौरवशाली यात्रा का स्मरण करते हुए कहा कि 19 वर्षों में सनराइज एकेडमी ने शिक्षा, खेलकूद, विज्ञान, कौशल विकास, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामाजिक सरोकार जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। उन्होंने समर्पित शिक्षकों, मेहनती विद्यार्थियों एवं सहयोगी अभिभावकों को इस सफलता का श्रेय दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापक, अध्यापिकाओं ने भी अपने उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय ने सदैव अनुशासन, संस्कार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाया है।
अभिभावकों एवं नगरवासियों ने विद्यालय की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। कार्यक्रम के अंत में स्थापना दिवस का केक काटकर सभी ने विद्यालय की निरंतर प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
