लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर, 13 नवम्बर 2025// महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आज पुर्नवास केन्द्र, जिला परियोजना लाईवलीहुड कॉलेज नारायणपुर में पुर्नवासित आत्मसमर्पित युवाओं के लिए जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया।
इस सत्र में विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभागियों को बाल अधिकारों एवं विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। सत्र के दौरान बच्चों के कानूनी अधिकार एवं सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा हेतु संचालित हेल्पलाइन नंबरों, बालश्रम उन्मूलन, बाल विवाह की रोकथाम एवं विवाह हेतु विधिक आयु सीमा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी पहलें, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान एवं महतारी वंदन योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर विभागीय टीम ने उपस्थित प्रतिभागियों को जागरूक एवं सशक्त नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया तथा समाज में महिला एवं बाल अधिकारों की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
