Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

साहिबगंज की दृष्टि चटर्जी ने राज्यस्तरीय कला उत्सव में मारी बाजी, राष्ट्रीय स्तर के लिए हुई चयनित। NN81



साहिबगंज झारखण्ड 

जिला ब्यूरो आकाश कुमार भगत 

दिनांक: 06 / 10 / 2025

झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा जेसीईआरटी के तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय कला उत्सव 2025 में साहिबगंज जिले की सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (गर्ल्स), पोखरिया की कक्षा 12 की छात्रा दृष्टि चटर्जी ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने सोलो डांस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर साहिबगंज का मान बढ़ाया है। दृष्टि अब राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस कला उत्सव में राज्य के 24 जिलों से लगभग 700 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया और संगीत, नृत्य, वादन, चित्रकला, पारंपरिक कथा वाचन एवं नाटक जैसी छह विधाओं में अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री अजयनाथ शाहदेव द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कला और संस्कृति बच्चों के व्यक्तित्व विकास का आधार है, यह आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करती है।

दृष्टि चटर्जी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर साहिबगंज जिला प्रशासन ने हर्ष व्यक्त किया है। उपायुक्त श्री हेमंत सती ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दृष्टि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा से झारखंड का नाम रोशन करेंगी।

विद्यालय की प्राचार्या एवं शिक्षकों ने भी दृष्टि की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

साहिबगंज की यह सफलता जिले में कला, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में एक नई प्रेरणा लेकर आई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes