लोकेशन नारायणपुर छत्तीसगढ़
संवाददाता खुमेश यादव
नारायणपुर में आज संविदा कर्मचारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन किया गया। सभी कर्मचारियों ने काला कपड़ा पहनकर शासन की संविदा नीति का विरोध किया तथा महात्मा गांधी, झांसी की रानी, छत्तीसगढ़ महतारी और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा धारण कर रैली निकालकर शासन को आइना दिखाया।इस दौरान कर्मचारियों ने छत्तीसगढ़ के मंत्रियों के मुखौटे पहनकर विरोध दर्ज कराया और “अंधा कानून” बनाकर प्रतीकात्मक रूप से शासन की संविदा नीति को दर्शाया।रैली के दौरान उपस्थित आम जनता ने भी संविदा कर्मचारियों के आंदोलन के प्रति सहानुभूति और समर्थन प्रकट किया। जनता ने कहा कि संविदा कर्मचारियों के बिना स्वास्थ्य सेवाएं और शासकीय योजनाओं का संचालन ठप हो जाता है, इसलिए सरकार को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संविदा प्रथा खत्म कर नियमितीकरण ही इस आंदोलन का मूल उद्देश्य है।यदि राज्य सरकार द्वारा संविदाकर्मियों की मांगों को अनदेखा किया गया तो आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं सरकार की होगी।
- एनएचएम संघ, नारायणपुर


