संवाददाता - संदीप यादव
भोजपुरी सिनेमा जगत अब तेजी से बदल रहा है। दर्शकों की पसंद को देखते हुए अब इसका भी अपना ओटीटी प्लेटफ़ॉर्म सामने आ चुका है – स्टेज ऐप। इस प्लेटफ़ॉर्म ने भोजपुरी फ़िल्म इंडस्ट्री को नई दिशा देते हुए ताज़ा कंटेंट और नए कलाकारों को मंच प्रदान किया है। हाल ही में स्टेज ऐप ने अपने ऑरिजिनल कंटेंट के जरिए एक नए हीरो को इंडस्ट्री में लॉन्च किया है – निखिल सिंह।
थिएटर से ओटीटी तक का सफ़र
निखिल सिंह ने बताया कि उन्होंने एक्टिंग की बारीकियाँ थिएटर से सीखी हैं। स्टेज ऐप के ऑडिशन राउंड के दौरान उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें फिल्म में बतौर हीरो चुना गया। इसके बाद स्टेज ऐप ने बाकायदा कई दिनों तक वर्कशॉप और रिहर्सल करवाईं, जिसके बाद शूटिंग शुरू हुई।निखिल कहते हैं – “स्टेज ऐप ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा, ताकि दर्शकों तक बेहतरीन और सार्थक सिनेमा पहुँच सके।”
धीरू यादव के निर्देशन में शानदार शुरुआत
हमेशा हटकर और क्रिएटिव सिनेमा बनाने वाले निर्देशक धीरू यादव के निर्देशन में निखिल सिंह ने अपनी पहली फिल्म की। इंडस्ट्री में धीरू यादव का नाम अलग किस्म की फिल्मों के लिए जाना जाता है, और यही वजह है कि इस फिल्म से दर्शकों को भी बड़ी उम्मीदें हैं।
कहानी और कॉन्सेप्ट
स्टेज ऐप के क्रिएटिव हेड धर्मेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि फिल्म का टाइटल अभी सस्पेंस में रखा गया है, जिसका खुलासा जल्द ही किया जाएगा। यह एक टीनेजर लव स्टोरी है, जो युवा पीढ़ी को भोजपुरी सिनेमा से जोड़ने का काम करेगी। साथ ही इसमें ऐसे भावनात्मक पहलू भी हैं, जिन्हें देखकर माता-पिता भी जुड़ाव महसूस करेंगे।
फिल्म की टीम और कलाकार
फिल्म के निर्माता केशव महेश्वरी हैं, जिनकी सोच है भोजपुरी सिनेमा में नई क्रांति लाना। लेखन का जिम्मा अनिल कुमार शर्मा ने संभाला है, जबकि सिनेमैटोग्राफी सत्य प्रकाश की है। संगीत की कमान शिवम सिंह यादव और रत्नेश कुमार सिंह के पास है, गीतकार रागिनी उपाध्याय और कैलाश कमल हैं। नृत्य निर्देशन महेश आचार्य का है और फिल्म के प्रचारक सोनू यादव (एडिफ्लोर) हैं।मुख्य कलाकारों में नवोदित निखिल सिंह, आंचल पांडेय, संजय पांडेय, संदीप यादव, मनोज टाइगर, अनूप अरोरा, महेश आचार्य, कमलेश गौतम (रवि), अमन पांडेय, राजन कानू, रजनीश यादव, जे.के. चौहान आदि शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में होगी शूटिंग
इस फिल्म की शूटिंग उत्तर प्रदेश के विभिन्न लोकेशनों पर की जाएगी, जिससे फिल्म को रियलिस्टिक टच दिया जा सके।

