फर्रुखाबाद जनपद के बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की परेशानियाँ कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी बीच आज भाजपा नेता एवं समाजसेवी श्री विकास राजपूत अपने समर्थकों के साथ राहत कार्य के लिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचे। उन्होंने सैकड़ों बाढ़ पीड़ित परिवारों के बीच भोजन एवं राहत सामग्री वितरित की।इस मौके पर एनडीए सहयोगी दल सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) फर्रुखाबाद के ज़िलाध्यक्ष अतुल बाथम भी अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और भरोसा दिलाया कि सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।
राहत वितरण के दौरान भाजपा नेता विकास राजपूत ने कहा कि “सरकार द्वारा लगातार बाढ़ प्रभावित परिवारों को सहायता पहुँचाई जा रही है। प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। लेकिन समाजसेवी होने के नाते मेरा कर्तव्य है कि मैं स्वयं जनता के बीच पहुँचकर उनकी समस्याएँ सुनूँ और उनकी मदद करने का प्रयास करूँ। जनता का विश्वास बनाए रखना सबसे ज़रूरी है।”गाँवों में बाढ़ का असर अब भी गहरा है। कई घर पानी से घिरे हैं और ग्रामीण आवश्यक वस्तुओं की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में राहत सामग्री पाकर लोगों ने संतोष जताया और नेताओं के प्रयासों की सराहना की।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस कठिन समय में नेताओं का मौके पर पहुँचना और मदद करना वास्तव में राहत देता है। साथ ही उन्होंने सरकार से स्थायी समाधान की भी माँग रखी।
फर्रुखाबाद रिपोटर शांताराम राजपूत


