बबीना-झांसी (उत्तर प्रदेश)।
शनिवार को बबीना कस्बे के मुख्य तिराहे पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्री त्रिलोकनाथ मंदिर परिसर के बाहर बने दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटवा दिया। अचानक शुरू हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। विरोध करने के बावजूद दुकानदारों को पुलिस और छावनी परिषद की संयुक्त टीम के सामने पीछे हटना पड़ा।नायब तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई मंदिर कमेटी की शिकायत पर की गई। शिकायत में कहा गया था कि दुकानों के आगे अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी होती है। इसी आधार पर पुलिस व छावनी परिषद की मौजूदगी में जेसीबी लगाकर अतिक्रमण हटाया गया।मुख्य चौराहे से लेकर मंदिर तक फैले अतिक्रमण पर बुलडोज़र चला और कई दुकानों का सामान जब्त कर लिया गया। अभियान का नेतृत्व नायब तहसीलदार विनोद कुमार, राजस्व निरीक्षक रमेश राजपूत और थाना प्रभारी तुलसीराम पांडे ने किया।
थाना प्रभारी तुलसीराम पांडे ने साफ शब्दों में कहा –
“सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।”
जनता की प्रतिक्रिया
कार्रवाई के दौरान आम जनता की मिली-जुली प्रतिक्रियाएँ सामने आईं। कई लोगों ने प्रशासनिक सख्ती का स्वागत किया, तो कुछ ने सवाल उठाए कि अगर अभियान चल ही रहा है तो पूरा बबीना अतिक्रमण मुक्त क्यों नहीं हो रहा?स्थानीय नागरिकों ने कहा कि कस्बे की दोनों ओर दुकानदारों और ठेले-रेहड़ी वालों ने सड़क और फुटपाथ तक पर कब्जा कर रखा है। पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को मजबूरी में बीच सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे हर वक्त दुर्घटना का डर बना रहता है। लोगों की मांग है कि जिस तरह मंदिर परिसर के बाहर कार्रवाई की गई, उसी तरह पूरे कस्बे में बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए।
बबीना संवाददाता आरिफ मंसूरी


