Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

बनारस रेलवे स्टेशन पर पार्किंग के लिए मनमानी वसूली पर एक्शन; 24 घंटे बाइक खड़ी करने पर ले रहे थे 2400 रुपये


 वाराणसी : बनारस रेलवे स्टेशन पर पार्किंग के लिए मनमानी कीमत वसूली जा रही थी. 24 घंटे के लिए साइकिल पार्किंग के लिए 1200 जबकि बाइक के लिए 2400 रुपये वसूले जा रहे थे. इससे यात्री परेशान थे. शहर के एक शख्स ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर रेल मंत्रालय और अफसरों से इसकी शिकायत की. इसके बाद रविवार को रेलवे ने पार्किंग के सभी टिकटों को जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगा दिया है.

बनारस रेलवे स्टेशन के पहले और दूसरे एंट्री गेट पर बने पार्किंग में एक घंटे की बाइक पार्किंग के लिए 100 रुपये वसूले जा रहे थे. महमूरगंज निवासी डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने एक्स पर पोस्ट कर इसका विरोध जताया. रेल मंत्रालय व अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है. इसके बाद पूर्वोत्तर रेलवे कार्रवाई की.

इतना पार्किंग शुल्क किसी भी रेलवे स्टेशन पर नहीं : डॉक्टर राजेश कुमार श्रीवास्तव ने रेल प्रशासन अधिकारियों को बताया कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक की तरफ प्रथम प्रवेश द्वार पर पार्किंग में बाइक पार्क करने पर 24 घंटे के 2400 रुपये लिए जा रहे हैं. इसी तरह साइकिल खड़ी करने पर 1200 रुपये लिए जा रहे हैं. पार्किंग के लिए इतना शुल्क किसी भी रेलवे स्टेशन पर नहीं है. इसके बाद शनिवार को यह मामला सुर्खियों में बना रहा.

पार्किंग संचालक के सभी टिकट जब्त, 5 हजार का जुर्माना भी लगा : पूर्वोत्तर रेलवे के सीनियर डीसीएम शेख रहमान ने बताया कि इस मामले की शिकायत आई थी. जांच के बाद कार्रवाई की गई. पार्किंग संचालक के सभी टिकटों को जब्त कर लिया गया. 5000 का जुर्माना लगाया गया है. उन्हें हिदायत दी गई है कि वह दोबारा ऐसी गलती न करें. उन्होंने कहा कि कोई भी यात्री यदि गाड़ी स्टैंड में खड़ी करता है तो वह डिजिटल पर्ची ही ले. छपी हुई पर्ची मिलती है तो तत्काल इसकी सूचना दें. कार्रवाई होगी.

पार्किंग संचालक ने दी सफाई, कहा- मिस प्रिंटिंग की वजह से हुई दिक्कत : पार्किंग संचालक ने बताया कि यहां गाड़ियों के लिए 2 तरीके की दरें ली जाती हैं. एक सामान्यतः दूसरा पीक एंड ड्रॉप की दर होती है. टिकट में मिस प्रिंटिंग की वजह से दिक्कत हो गई थी. इसे दूर कर लिया गया है. हमारे यहां सामान्य दरों में अगर कोई स्टेशन पर 6 घंटे तक साइकिल खड़ा करता है तो उसको 5 रुपए देने पड़ेंगे, 6 से 12 घंटे के लिए 10 और 12 से 24 घंटे के लिए 20 रुपया देना होगा.

इतना ही नहीं अगर आप अपनी बाइक खड़ी करते हैं तो 12 से 24 घंटे का 20 रुपये देना होगा. उसने बताया कि सेकेंड ड्रॉप का रेट थोड़ा ज्यादा इसलिए होता है क्योंकि यह एक तरीके से नो पार्किंग एरिया में खड़ी गाड़ियों पर जुर्माने की तरह होता है, जहां पर गाड़ियां आती हैं और यात्रियों को उतार करके चली जाती हैं. यहां शुरुआत के 10 मिनट फ्री होते हैं. इसके बाद शुल्क देना होता है.

बनारस रेलवे स्टेशन से ये ट्रेनें चलती हैं : बनारस रेलवे स्टेशन पर हर दिन 32 ट्रेनों का संचालन होता है. वही यहां हर दिन 30 हजार यात्रियों की आवाजाही होती है. इस रेलवे स्टेशन से शिवगंगा, काशी विश्वनाथ, बनारस नई दिल्ली सुपरफास्ट, बनारस पुणे, बुंदेलखंड, बनारस देहरादून, जनशताब्दी एक्सप्रेस समेत अन्य कई महत्वपूर्ण ट्रेनें चलती हैं.

अब एक नजर वायरल टिकट की दरों पर भी : 10 मिनट के बाद 30 मिनट या उसके बाद के लिए साइकिल का किराया 20 और बाइक का 30 रुपया, 30 मिनट के बाद एक घंटा या उसके बाद के लिए साइकिल का किराया 30 और बाइक का 50 रुपया, 1 घंटे के बाद या प्रत्येक घंटे के लिए साइकिल का किराया 50 और बाइक के 100 रुपये.

रिपोर्ट- अर्पित श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ 

NN81

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes