Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

मारपीट की घटना के पांच दिन बाद युवक की मौत, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम: NN81

 

संवाददाता : अनिल मालवीय 

मारपीट की घटना के पांच दिन बाद युवक की मौत, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम: 

हरदा। जिले के छीपाबड़ थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना के पांच दिन बाद एक युवक की मौत हो गई। गंभीर हालत में भोपाल रेफर किए गए युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर छिपाबड़ चौराहे पर शव रखकर हरदा-खंडवा हाईवे पर कुछ देर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने दो संदिग्धों को राउंडअप कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

समझाने के बहाने घर बुलाकर मारपीट करने का आरोप

जानकारी के अनुसार, ग्राम खेड़ा निवासी पवन श्रीवास का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को ग्राम पड़वा के कुछ लोगों ने पवन को बातचीत और समझाने के बहाने घर बुलाया था। इस दौरान पवन का छोटा भाई योगेश श्रीवास और कुछ दोस्त भी उसके साथ पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पवन और उसके भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। मारपीट में गंभीर रूप से घायल पवन की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए भोपाल रेफर किया गया, लेकिन शनिवार को भोपाल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद परिजनों ने जताया आक्रोश

पवन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजन शव लेकर खिरकिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, लेकिन परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम

इसके बाद परिजनों और समाज के लोगों ने छिपाबड़ चौराहे पर शव सड़क पर रखकर हरदा-खंडवा हाईवे पर कुछ देर के लिए चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाइश दी। पुलिस की समझाइश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को राउंडअप किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes