33 प्रतिभागियों ने लिया संकल्प, पात्र परिवारों तक योजनाओं और आवश्यक सेवाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय मजबूत करेंगे
टहरौली/झांसी। तहसील टहरौली क्षेत्र के ग्राम पंचायत भसनेह, ब्लॉक गुरसराय में शनिवार, 24 अक्टूबर को जन साहस संस्था के कार्यकर्ताओं द्वारा स्टेकहोल्डर क्लस्टर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकारी योजनाओं और आवश्यक सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, अध्यापक, रोजगार सेवक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, समूह सखी सदस्य तथा जन साहस संस्था के कार्यकर्ताओं सहित कुल 33 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान पंचायत स्तर पर कार्यरत विभिन्न हितधारकों के बीच आपसी तालमेल बढ़ाने और जरूरतमंद परिवारों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझने पर चर्चा की गई। साथ ही, पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार सहित अन्य आवश्यक सेवाओं से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायत के विभिन्न हितधारकों को एक मंच पर लाकर वंचित परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा पंचायत स्तर पर समन्वित प्रयासों को प्रभावी बनाना रहा।
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार
तहसील टहरौली, जिला झांसी, उत्तर प्रदेश

