न्यूज़ नेशनल 81
पिड़ावा तहसील से संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा। राजस्थान युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में पिड़ावा ब्लॉक अध्यक्ष पद पर रणवीर सिंह परमार ने 1302 वोट प्राप्त कर शानदार जीत दर्ज की।
युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के तहत 21 अप्रैल से 20 मई 2026 के बीच ऑनलाइन सदस्यता प्रक्रिया के माध्यम से मतदान कराया गया था।
इस चुनाव की खास बात यह रही कि मतदान प्रक्रिया सामान्य चुनावों से अलग ऑनलाइन एवं निर्धारित सत्यापन प्रक्रिया के माध्यम से हुई। चुनाव में 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा वाले युवाओं को सदस्यता लेकर मतदान का अवसर दिया गया। ऑनलाइन प्रक्रिया में मोबाइल सत्यापन और सदस्यता शुल्क जैसी प्रक्रियाएं भी शामिल थीं।
मतदाता की पहचान और पात्रता के सत्यापन के कारण पूरी प्रक्रिया आसान नहीं थी। पहचान पत्र, वास्तविक फोटो सहित आवश्यक जानकारी के सत्यापन के बाद ही सदस्यता एवं मतदान की प्रक्रिया आगे बढ़ती थी। ऐसे में कार्यकर्ताओं को प्रत्येक पात्र युवा मतदाता तक पहुंच बनाने, उन्हें प्रक्रिया समझाने और ऑनलाइन मतदान के लिए सहयोग करने में काफी मेहनत करनी पड़ी।
जीत के बाद रणवीर सिंह परमार ने कहा कि “यह जीत मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पिड़ावा ब्लॉक के सभी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जीत है। कार्यकर्ताओं ने दिन-रात मेहनत की, युवाओं से संपर्क किया और पूरी चुनावी प्रक्रिया में सहयोग किया। उनके परिश्रम, विश्वास और समर्थन के बिना यह परिणाम संभव नहीं था।”
उन्होंने सभी मतदाताओं, वरिष्ठ नेताओं, युवा साथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे युवा कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान एवं अधिकार के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।
