संवाददाता : मोहम्मद इस्लाम
पिड़ावा। पशु आहार एवं हरे-सूखे चारे की लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान पशुपालकों ने बुधवार को उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दूध के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की मांग की। पशुपालक संघ के अध्यक्ष रामलाल गुर्जर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पशुपालन की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि दूध के दाम लंबे समय से नहीं बढ़ाए गए हैं।
इससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि गाय के दूध का मूल्य 80 रुपये प्रति लीटर, भैंस के दूध का मूल्य 100 रुपये प्रति लीटर तथा फैट की दर 12 रुपये प्रति फैट निर्धारित की जाए, ताकि पशुपालकों को उनकी लागत के अनुरूप उचित मूल्य मिल सके।
पशुपालकों ने चेतावनी दी कि यदि 3 सितंबर तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो क्षेत्र के पशुपालक दूध की सप्लाई बंद कर देंगे और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उपखंड अधिकारी ने पशुपालकों को आश्वस्त करते हुए ज्ञापन जिला कलेक्टर को अग्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।

