ग्राम गूदा का खेड़ा की बंजर भूमि पर प्रशासक( सरपंच) के परिवार द्वारा अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार :
भीलवाड़ा जिले की नवनिर्मित ग्राम पंचायत रूपपुरा (बरसनी) के ग्राम गूदा का खेड़ा (सांगणी) के ग्रामीणों ने आज जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से बचाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार पर्यावरण सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन (रजि.) के युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक जोशी व आसींद तहसील अध्यक्ष सुवालाल कुमावत के नेतृत्व में ज्ञापन दिया।
क्या है मामला -
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि राजस्व ग्राम गूदा का खेड़ा, पटवार हल्का बरसनी में खाता संख्या 1 में खसरा संख्या 7 व 9 जो कि बंजर व बारानी भूमि के रूप में स्थित है। इस भूमि को सेटअपार्ट (आरक्षित) करने के लिए पूर्व में ग्राम पंचायत बरसनी में सरपंच को ग्राम पंचायत में प्रस्ताव लेने के लिए कहा गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त जगह पर ग्राम पंचायत बरसनी के सरपंच की जमीन पास में होने से सरपंच ने ग्राम पंचायत के प्रस्ताव को आज तक नहीं लिया तथा अब सरपंच के परिवारजनों द्वारा उक्त जगह पर चार दीवारी का पक्का निर्माण कार्य (अतिक्रमण) किया जा रहा है। ग्रामीणों की समझाइश के बावजूद व तहसीलदार अंटाली को ज्ञापन देने के उपरांत भी निर्माण कार्य नहीं रोका जा रहा है।
समस्त ग्रामवासी गूदा का खेड़ा ने कलेक्टर महोदय से निवेदन किया है कि उक्त खसरा संख्या 7 व 9 की भूमि को नवनिर्मित ग्राम पंचायत रूपपुरा (बरसनी) के लिए सेटअपार्ट (आरक्षित) के रूप में आवंटन करवाने की कृपा करें।
ज्ञापन देते वक्त गोपालगुर्जर, नारायण लाल गुर्जर,भँवरलाल गुर्जर , प्रभुलाल गुर्जर, राकेश कुमावत सहित कई ग्राम वासी उपस्थित रहे।

