Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

दुर्गुकोंदल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ज्ञापन, ब्लड बैंक और अल्ट्रासाउंड की प्रमुख मांग : NN81


 दुर्गुकोंदल में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ज्ञापन, ब्लड बैंक और अल्ट्रासाउंड की प्रमुख मांग :

कांकेर। आदिवासी बाहुल्य एवं दूरस्थ क्षेत्र दुर्गुकोदल की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की मांग को लेकर जागरूक युवा मंच, दुर्गुकोदल ने छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नाम तहसीलदार दुर्गुकोदल के माध्यम से विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वर्षों से व्याप्त बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी का उल्लेख करते हुए जनहित में तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि दुर्गुकोदल विकासखंड सहित आसपास के सैकड़ों गांवों एवं हजारों ग्रामीणों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही उपचार का प्रमुख केंद्र है। लेकिन ब्लड बैंक, सोनोग्राफी (अल्ट्रासाउंड) जांच, दंत चिकित्सक तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के अभाव में मरीजों को कांकेर, भानुप्रतापपुर, धमतरी, रायपुर सहित अन्य शहरों में उपचार के लिए जाना पड़ता है। इससे गरीब एवं आदिवासी परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने के साथ समय पर उपचार नहीं मिलने से गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जागरूक युवा मंच ने ज्ञापन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड बैंक की स्थापना, आधुनिक सोनोग्राफी मशीन एवं विशेषज्ञ चिकित्सक की व्यवस्था, स्थायी दंत चिकित्सक की पदस्थापना तथा जर्जर हो चुके अस्पताल भवन का शीघ्र जीर्णोद्धार एवं आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की है। इसके अलावा 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा के सुचारु संचालन के लिए डीजल एवं अन्य आवश्यक व्यय हेतु पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की भी मांग की गई, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं बिना किसी बाधा के निरंतर संचालित होती रहें।

जागरूक युवा मंच ने कहा कि स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। यदि इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाती है तो दुर्गुकोदल सहित आसपास के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर रेफर करने की स्थिति में भी कमी आएगी। मंच ने स्वास्थ्य मंत्री से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मांगों पर त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes