बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, बाल विवाह एवं मानव तस्करी रोकथाम के साथ महिला सशक्तिकरण हेतु जागरूकता अभियान संचालित :
जनपद हमीरपुर में श्रीमान जिलाधिकारी हमीरपुर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर थाना एएचटी. थाना मौदहा की मिशन शक्ति टीम, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), चाइल्ड हेल्पलाइन, श्रम विभाग तथा ग्रामीण पुनर्निर्माण संस्थान की संयुक्त टीम द्वारा थाना मौदहा क्षेत्र में बाल भिक्षावृत्ति, बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी रोकथाम एवं महिला सशक्तिकरण विषयक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान कस्बा मौदहा स्थित होटलों, ढाबों, ब्यूटी पार्लरों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानदारों, आमजन, महिलाओं, बालिकाओं एवं विद्यार्थियों को बाल श्रम, बाल विवाह, मानव तस्करी एवं महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया। साथ ही आपातकालीन सेहायता हेतु 112 (पुलिस), 1090 (महिला हेल्पलाइन) एवं 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। व्यापारियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई कि किसी भी बालक से श्रम न कराया जाए। बाल श्रम कराते पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कस्बा सुमेरपुर से 09 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया तथा संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की गई ।
इस संयुक्त अभियान में थाना एएचटीयू पुलिस, श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, बाल संरक्षण इकाई एवं किशोर न्याय बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

