संवाददाता - मनाराम यादव
सेवानिवृत्त IAS एवं राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा रहे मुख्य अतिथि
बिलासपुर, 2 अगस्त 2026। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेंद्र राव जी की 137वीं जयंती के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार, बिलासपुर द्वारा जनसेवा की भावना से एक दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सीपत रोड स्थित सरस्वती होम्स के ‘सखी निवास’ में आयोजित शिविर में सैकड़ों नागरिकों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, जांच एवं उपचार की सुविधा प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ IAS अधिकारी श्री गणेश शंकर मिश्रा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में बिलासपुर विधायक श्री सुशांत शुक्ला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के अध्यक्ष श्री मुरली मनोहर खंडेलवाल, पूर्व विधायक श्री चंद्र प्रकाश वाजपेयी, वरिष्ठ नेता श्री शिवा मिश्रा, कवर्धा जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश यदु तथा कार्यक्रम की आयोजक एवं पूर्व महापौर श्रीमती वाणी राव प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
महान सेनानी के आदर्शों को किया गया याद
मुख्य अतिथि श्री गणेश शंकर मिश्रा ने ई. राघवेंद्र राव जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ई. राघवेंद्र राव जी का जीवन राष्ट्रसेवा, स्वाभिमान और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनकी जयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन उनके आदर्शों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे आयोजनों से जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचती हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निःशुल्क सेवाएं
स्वास्थ्य शिविर में नेत्र रोग, अस्थि रोग, जनरल सर्जरी, मानसिक रोग, मेडिसिन, स्त्री रोग, शिशु रोग, नाक-कान-गला एवं डाइटिशियन सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा आयुष विभाग के डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में डॉ. एल.सी. मढ़ारिया, डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. आर.ए. शर्मा, डॉ. आशुतोष तिवारी, डॉ. चंद्र किरण तिवारी, डॉ. राजेश्वरी उद्देश, डॉ. घनश्याम गंगवानी, डॉ. कासिम खान, डॉ. कुसुम राजपूत, डॉ. यशवंत सिंह सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां निःशुल्क वितरित कीं।

