संवाददाता : बृजेश कुमार पांडेय
गाडरवारा विधानसभा को 10 करोड़ की छह सड़कों की सौगात, विकास की रफ्तार को मिली नई उड़ान, गांवों तक पहुंचेगी बेहतर सड़क सुविधा :
गाडरवारा विधानसभा में विकास की रफ्तार लगातार तेज होती नजर आ रही है। क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से छह महत्वपूर्ण सड़कों को स्वीकृति प्रदान की है।
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रतिनिधित्व में विधानसभा क्षेत्र में जारी विकास कार्योंकी कड़ी में यह बड़ी सौगात मानी जा रही है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा और गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
स्वीकृत सड़कों में बाबई चीचली ब्लॉक के बैरागढ़ से राजीव नगर तक 0.90 किलोमीटर सड़क शामिल है। वहीं साईंखेड़ा ब्लॉक में सिरसिरी से हरिजन टोला तक 0.62 किलोमीटर, ढिगसरा से इंदिरा आवास टोला तक 1.40 किलोमीटर, अजंदा रोड से मुआर टोला तक 3.40 किलोमीटर, बरहटा से कहार टोला तक 1.45 किलोमीटर और तूंमड़ा से काछी टोला तक 1.45 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी मिली है। इन सड़कों के निर्माण से सिर्फ रास्ते आसान नहीं होंगे, बल्कि किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल- कॉलेज जाने और ग्रामीणों को स्वास्थ्य एवं अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।
यानी साफ है—गाडरवारा विधानसभा में विकास का पहिया अब गांव-गांव तक तेजी से पहुंच रहा है।
क्षेत्र के नागरिकों ने सड़क निर्माण की इस बड़ी सौगात के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।

