संवाददाता: देवराज मीणा
मुंडावर राजस्थान। मुंडावर उपखंड क्षेत्र के ग्राम पीपली के ग्रामीणों ने गांव में संचालित एक शराब गोदाम की आड़ में कथित रूप से अवैध शराब बिक्री किए जाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम सृष्टि जैन एवं मुंडावर थाना प्रभारी मोहर सिंह मीणा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित स्थल पर केवल शराब गोदाम संचालित करने की अनुमति है, लेकिन वहां खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है। इससे गांव का माहौल लगातार प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि गोदाम के समीप बाबा मनीराम मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चियां और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते-जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब की बिक्री के कारण वहां नशे में धुत लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे महिलाओं और युवतियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गोदाम के पास ही स्कूल स्थित है तथा आसपास खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों को भी इस कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। उनका कहना है कि गांव में आए दिन विवाद और झगड़े होने से सामाजिक वातावरण भी प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाए तो संबंधित स्थल से शराब का अवैध कारोबार बंद कराया जाए।

