Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि हुई दूर, जीवित व्यक्ति के नाम से हटा 'स्वर्गीय' शब्द : NN81

 

राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि हुई दूर, जीवित व्यक्ति के नाम से हटा 'स्वर्गीय' शब्द : 

भीलवाड़ा : ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। ऐसा ही एक मामला ग्राम सुवाणा निवासी नरेन्द्र सिंह राजपूत के सामने आया, जिसमें राजस्व रिकॉर्ड की लिपिकीय त्रुटि का शिविर में तत्काल समाधान किया गया।

नरेन्द्र सिंह राजपूत की पत्नी हिम्मत कंवर राजपूत के नाम राजस्व ग्राम सुवाणा की वर्तमान जमाबंदी के खाता संख्या 1182 एवं 1745 में रिकॉर्ड दर्ज था। सेग्रिगेशन-रोटेशन जमाबंदी तैयार करते समय हुई लिपिकीय त्रुटि के कारण हिम्मत कंवर के पति के नाम के आगे "स्वर्गीय" अंकित हो गया, जबकि नरेन्द्र सिंह राजपूत जीवित हैं। इस त्रुटि के कारण राजस्व रिकॉर्ड में गलत जानकारी दर्ज हो गई।

समस्या के समाधान के लिए नरेन्द्र सिंह राजपूत ने फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर, सुवाणा में नायब तहसीलदार के समक्ष प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत किया। शिविर प्रभारी  जितेन्द्र गुरनानी एवं नायब तहसीलदार  रौनक शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पटवारी को आवश्यक निर्देश दिए।

निर्देशों की पालना में राजस्व रिकॉर्ड का परीक्षण कर लिपिकीय त्रुटि का सुधार किया गया तथा जमाबंदी में "हिम्मत कंवर पत्नी नरेन्द्र सिंह राजपूत" दर्ज करते हुए "स्वर्गीय" शब्द हटा दिया गया। इससे राजस्व रिकॉर्ड शुद्ध होकर वास्तविक स्थिति के अनुरूप हो गया।

त्रुटि का त्वरित समाधान होने पर नरेन्द्र सिंह राजपूत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर ही प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान हो रहा है, जिससे लोगों को राहत मिल रही है।

फॉलोअप ग्रामीण सेवा शिविर में शिविर प्रभारी  जितेन्द्र गुरनानी, नायब तहसीलदार रौनक शर्मा, ऑफिस कानूनगो  गोपाल चौधरी, भू-अभिलेख निरीक्षक  विनोद कुमार वर्मा तथा पटवारी अभिषेक छीपा, प्रवीण बिश्नोई एवं भवानी सिंह राणावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर में प्राप्त परिवेदनाओं का त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।


--000--

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes