संवाददाता : सचिन्द्र शर्मा
असम श्रीभूमि जिले के 16 जुलाई गुरुवार को विभिन्न स्थानों के साथ-साथ आउलआला गांव में भी भगवान श्री श्री जगन्नाथ की पवित्र रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में निकाली गई। आउलआला सार्वजनिक रथयात्रा महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। शाम छह बजे आउलआला शिव मंदिर परिसर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा एवं शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा सीआरपीएफ कैंप और तिमुखा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए पुनः शिव मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं के जयघोष और भक्ति गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया। रथयात्रा के अवसर पर मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। बच्चों और श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद उठाया। शोभायात्रा के समापन के बाद भगवान श्री जगन्नाथ की आरती, दशावतार गीत, भक्तिमय नृत्य सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। आयोजन समिति की ओर से रथयात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज में शांति, सद्भाव, सौहार्द और समृद्धि की कामना की गई।


