कोण्डागांव, 16 जुलाई 2026/ कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने गुरुवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने नगरीय प्रशासन विभाग के अंतर्गत नगर पालिका परिषद कोण्डागांव में अमृत मिशन के तहत संचालित जल प्रदाय परियोजना, मिनी स्टेडियम निर्माण तथा कोपाबेड़ा तालाब सौंदर्यीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजार पुनर्विकास कार्य के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने तथा शहर के विभिन्न रिक्त स्थलों पर व्यापक सेपौधारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कचरा पृथक्करण को प्रभावी ढंग से लागू करने, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी निर्माणाधीन शासकीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आम नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों, पुल-पुलियों तथा शासकीय भवनों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा जल संसाधन विभाग द्वारा स्वीकृत स्टॉप डैम, जलाशय एवं एनीकट निर्माण कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए

