मगरौनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7.2 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, ₹1.30 लाख का माल जब्त :
शिवपुरी जिले की मगरौनी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 7.2 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती रागिनी भदौरिया (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संजीव मूले तथा एसडीओपी करैरा श्री प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में अवैध शराब, गांजा एवं स्मैक के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 16 जुलाई 2026 को थाना नरवर एवं चौकी मगरौनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक मोटरसाइकिल से अवैध स्मैक लेकर ग्राम पीपलखेड़ी नहर, हनुमान मंदिर के पास खड़ा है और बिक्री की फिराक में है। सूचना पर चौकी प्रभारी मगरौनी एवं पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू गुर्जर पुत्र विजय सिंह गुर्जर (24 वर्ष) निवासी ग्राम डोंगरी, थाना बमोरी, हाल निवासी चंदनपुरा मगरौनी, थाना नरवर, जिला शिवपुरी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7.2 ग्राम स्मैक, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये, तथा एक मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है, बरामद की गई। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1 लाख 30 हजार रुपये का माल जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 127/2026 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे 17 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

