मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत उपायुक्त ने विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण :
जिले में संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (Special Intensive Revision-SIR) के अंतर्गत उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दुबे द्वारा 02-बोरियो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बोरियो प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या-68 तथा 03-बरहेट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के बरहेट प्रखंड स्थित मतदान केंद्र संख्या-158, 175 एवं 188 में चल रहे SIR संबंधी कार्यो का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से संबंधित बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों के वितरण तथा बीएलओ ऐप में अद्यतन की गई प्रविष्टियों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई।
उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को निर्देश दिया कि दिनांक 12 जुलाई 2026 तक सभी पात्र मतदाताओं के बीच गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बीएलओ ऐप में सभी संबंधित प्रविष्टियों का अद्यतन कार्य भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी बीएलओ एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को सफल एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना सुनिश्चित करें।

