20 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ नष्ट, रिजर्व पुलिस लाइन में हुई कार्रवाई :
भीलवाड़ा - जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति, भीलवाड़ा द्वारा विभिन्न पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 20 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में विधिवत नष्टीकरण किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुल 3,779 किलो 486 ग्राम डोडा चूरा, 3 किलो 500 ग्राम गांजा तथा 11 ग्राम स्मैक को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।
जानकारी के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 70 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है। इसमें डोडा चूरा की अनुमानित कीमत 5 करोड़ 66 लाख 85 हजार रुपये, गांजा की 1 लाख 75 हजार रुपये तथा स्मैक की 2 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
प्रशासन ने बताया कि जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण न्यायालय एवं एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की निगरानी में किया गया। इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं पारदर्शी निस्तारण के साथ-साथ नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
इस दौरान समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे तथा पूरी प्रक्रिया का नियमानुसार पालन किया गया।

