Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

राजस्थान में विकास की नई उड़ान: ₹1.05 लाख करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, भीलवाड़ा में 1196 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र : NN81


 

राजस्थान में विकास की नई उड़ान: ₹1.05 लाख करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, भीलवाड़ा में 1196 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र : 

भीलवाड़ा = प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान को विकास की नई सौगात देते हुए ऊर्जा, सड़क, रेल, नागरिक उड्डयन और जल क्षेत्र से जुड़ी करीब 1.05 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। पचपदरा से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भीलवाड़ा नगर निगम टाउन हॉल में लाइव प्रसारण किया गया, जहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, युवा और आमजन मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने 79 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत से तैयार राजस्थान रिफाइनरी का राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही 13 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास किया गया। यमुना जल परियोजना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर हुए तथा राज्यभर में 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। इसके अलावा ऊर्जा, सड़क, रेलवे और नागरिक उड्डयन क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।

भीलवाड़ा में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कृषि आधारित उद्योगों और नई योजनाओं के माध्यम से उनकी आय बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान रिफाइनरी जैसी परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगी।

सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के विकास के इतिहास में महत्वपूर्ण है। यमुना जल परियोजना, जयपुर मेट्रो और अन्य विकास कार्यों से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने युवाओं को मिले नियुक्ति पत्रों को सरकार की रोजगार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

कार्यक्रम में जिले के 1196 चयनित युवाओं को किसान आयोग अध्यक्ष, सांसद, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि प्रशांत मेवाड़ा एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू सहित अतिथियों ने नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र प्राप्त कर नवनियुक्त कार्मिकों ने खुशी व्यक्त करते हुए राज्य सरकार का आभार जताया।

इस अवसर पर एडीएम प्रशासन हरीतिमा, एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया, उपखंड अधिकारी अरुण जैन, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, नवनियुक्त कार्मिक तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes