Type Here to Get Search Results !

🔴LIVE TV

SIR मैपिंग को लेकर कांग्रेस हुई सक्रिय, आलमगीर आलम ने BLA-2 कार्यकर्ताओं को दिए बूथ स्तर पर विशेष निर्देश*..............NN81





बरहरवा प्रखंड के इस्लामपुर स्थित पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम के आवास पर सोमवार को कांग्रेस पार्टी की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने की। इसमें प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं मंडलों के अध्यक्षों, पार्टी कार्यकर्ताओं तथा नव-नियुक्त BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रही SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) मैपिंग एवं अनपेजिंग प्रक्रिया को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करना तथा बूथ स्तर पर उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराना था। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि प्रत्येक BLA-2 का दायित्व है कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि कई ऐसे परिवार हैं जिनकी अब तक मैपिंग नहीं हो सकी है या जिन्हें सूची में अपना नाम खोजने में कठिनाई हो रही है। ऐसे मामलों में BLA-2 कार्यकर्ता बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों की सहायता करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि BLA-2 कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और उन्हें पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। बैठक में मौजूद मास्टर BLA ट्रेनर हीरालाल साहा, मुरसलीन खान एवं सरफराज आलम ने कार्यकर्ताओं को SIR मैपिंग और अनपेजिंग की तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डेटा सत्यापन के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा क्षेत्रवार सूचनाओं का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए। किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए प्रशिक्षकों की टीम लगातार उपलब्ध रहेगी। जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारी के तहत बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने कहा कि पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के मार्गदर्शन में प्रखंड के सभी पंचायतों और मंडलों में इस अभियान को तेज गति से चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रखंड कमेटी पूरी तरह सक्रिय है तथा पंचायत एवं मंडल अध्यक्षों को BLA-2 के कार्यों की नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. तनवीर आलम, बरहरवा प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, रैसूल आलम, प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

आकाश कुमार भगत 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Advertisement

#codes