कुंज इनोवेशन ट्रस्ट की पहल, 98 महिलाओं को मिला पौष्टिक आहार किट
। विकास खण्ड चतरा सभागार में मंगलवार, 02 जून 2026 को गर्भवती महिलाओं के उत्तम स्वास्थ्य एवं कुपोषण की रोकथाम के उद्देश्य से कुंज इनोवेशन ट्रस्ट द्वारा निःशुल्क पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के उपक्रम नेशनल शेड्यूल्ड कास्ट्स फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, दिल्ली के सीएसआर सहयोग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, सोनभद्र का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी सोनभद्र जागृति अवस्थी (IAS) ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं के लिए शुरुआती 1000 दिन अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान महिलाओं को अपने खान-पान और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा अधिक से अधिक पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए।
इस अवसर पर चयनित 98 गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की गई, जिसमें मूंगफली, सोयाबीन, राजमा, गुड़ एवं लाई जैसी पौष्टिक सामग्री शामिल थी। बताया गया कि यह सामग्री मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है।
उपायुक्त स्वतः रोजगार सरिता सिंह ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि गर्भावस्था के नौ माह के दौरान महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाने तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर पोषण वाटिका एवं वीएचएनडी जैसी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, एमओआईसी चतरा ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के नियमित टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।
नेशनल शेड्यूल्ड कास्ट्स फाइनेंस एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन, लखनऊ से आए सहायक प्रबंधक रविंद्र नाथ गौण ने बताया कि जनपद में कुल 250 महिलाओं को पोषण पोटली वितरित किए जाने का लक्ष्य है, जिसके अंतर्गत प्रथम चरण में 98 गर्भवती महिलाओं को यह सामग्री उपलब्ध कराई गई। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी।
खंड विकास अधिकारी चतरा ने कहा कि महिलाएं विकास खंड स्तर पर सीडीपीओ तथा ग्राम स्तर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं एएनएम से संपर्क कर स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने बताया कि आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं, जिनका नियमित सेवन कुपोषण से बचाव में सहायक है।
कुंज इनोवेशन ट्रस्ट की पदाधिकारी संजू कुशवाहा एवं मृत्युंजय ने बताया कि यह पहल मातृ-शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कुपोषण की रोकथाम के उद्देश्य से की गई है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पोषण संबंधी जागरूकता पोस्टर एवं लीफलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संदेश रहा —
“स्वस्थ माता, स्वस्थ बच्चा, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज का निर्माण।”
संवाददाता अखिलेश गुप्ता
