राजगढ़,ब्यावरा स्थित निजी निदान हॉस्पिटल में मंगलवार को नारकोटिक्स विभाग की टीम पहुंचने से हड़कंप मच गया। टीम ने अस्पताल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज सहित विभिन्न दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
जानकारी के अनुसार मंदसौर में प्रतिबंधित दवाओं के मामले में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ के दौरान ब्यावरा स्थित निदान हॉस्पिटल का नाम सामने आया था। आरोपी राजस्थान के छीपाबड़ौद क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। रिमांड के दौरान आरोपी ने जांच एजेंसियों को बताया कि उसने संबंधित दवा ब्यावरा के उक्त अस्पताल से प्राप्त की थी।
सूत्रों के मुताबिक मंदसौर में आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद की गई थीं। मामले की जांच के दौरान मिले इनपुट और लोकेशन के आधार पर नारकोटिक्स विभाग की टीम ब्यावरा पहुंची और अस्पताल में जांच-पड़ताल की।
जांच के दौरान नारकोटिक्स विभाग की टीम ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल की। सूचना मिलने पर सिटी थाना एवं देहात थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक सहयोग प्रदान किया।
फिलहाल नारकोटिक्स विभाग मामले की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अस्पताल की भूमिका क्या रही है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी।
अमन खान इंकलाबी
