देवास जिले के सोनकच्छ स्थित सिविल हॉस्पिटल में *प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान* के अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व हेतु बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और समय पर जांच व उपचार सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा महिलाओं की नियमित जांच, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन, शुगर जांच सहित आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को पोषण, स्वच्छता और प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल के बारे में भी जागरूक किया गया। चिकित्सा टीम ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलती है।
स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं स्टाफ की सक्रिय भागीदारी से शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बेहद उपयोगी बताया।
सुनील सिंह चौहान
