ललितपुर। जिला पंचायत सदस्य अमर सिंह ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 20 जून 2026 को उन्हें फोन कर जिला पंचायत कार्यालय बुलाया गया। शिकायत के अनुसार, जमीन के विवाद को लेकर कार्यालय पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष और कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता कर मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। घटना के बाद पीड़ित को गले में दर्द और सांस लेने में परेशानी होने की बात भी कही गई है।
अमर सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें भविष्य में भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि डर के कारण वह तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। अब उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है। मामले में जांच और कार्रवाई के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। इस पूरे मामले पर पुलिस प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार है।
संवाददाता आलोक खरे
