अमरोहा की सड़कों पर इन दिनों सिर्फ वाहनों की आवाजाही नहीं, बल्कि सुरक्षा और अनुशासन का एक बड़ा अभियान भी दिखाई दे रहा है। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशन में यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसा विशेष अभियान चलाया, जिसने नियम तोड़ने वालों को सख्त संदेश दिया और आम नागरिकों का भरोसा भी मजबूत किया।
पुलिस उपाधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार और यातायात उपनिरीक्षक विनोद बाजपेई के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न टोल प्लाजाओं एवं प्रमुख मार्गों पर व्यापक चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान ट्रक, भारी वाहन, वाणिज्यिक वाहन, रोडवेज बसों समेत अन्य वाहनों की सघन जांच की गई। विशेष रूप से ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच कर शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। साथ ही दोषपूर्ण नंबर प्लेट, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड वाहनों को भी चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव के सात मामलों में 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रेशर हॉर्न लगाने वाले 50 वाहन चालकों पर पांच लाख रुपये, जबकि दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले 132 वाहनों पर छह लाख साठ हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। चार मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। इसके अतिरिक्त एक डम्पर और एक मोटरसाइकिल को सीज किया गया।
पूरे अभियान में कुल 194 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 12 लाख 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। आंकड़े बताते हैं कि अमरोहा यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा के प्रति कितनी गंभीरता से कार्य कर रही है।
हालांकि यह अभियान सिर्फ चालान और कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा। चेकिंग के दौरान "मीट एंड ग्रीट" कार्यक्रम के तहत पुलिसकर्मियों ने परिवार के साथ यात्रा कर रहे लोगों से संवाद स्थापित किया, उनका हालचाल जाना और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। इस पहल ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के नेतृत्व में निरीक्षक राजेंद्र कुमार और उपनिरीक्षक विनोद बाजपेई की टीम द्वारा चलाया गया यह अभियान स्पष्ट करता है कि अमरोहा पुलिस कानून व्यवस्था के साथ-साथ जनसुरक्षा और जनविश्वास को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सड़क सुरक्षा के प्रति यह सक्रियता आने वाले समय में दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
रिपोर्ट:-मौ। अज़ीम अमरोहा
