झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्र के सांसद दुष्यंत सिंह आगामी 28 जून, रविवार को बारां जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने इस प्रस्तावित दौरे के दौरान सांसद जिले के विकास को गति देते हुए विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की लागत वाले कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कार्यक्रम के प्रस्तावित अनुसार, सांसद सिंह दोपहर 12 बजे सीसवाली के महाविद्यालय ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां वे राजकीय महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे 35 किलोमीटर लंबी सीसवाली-
बारां सड़क के चौड़ाईकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य का भी उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे वे जिला मुख्यालय पहुंचेंगे और जिला सरकारी अस्पताल के नवीन भवन का लोकार्पण कर जनता को सौंपेंगे।
दोपहर 2:30 बजे सांसद सिंह तेल फैक्ट्री के पास नवनिर्मित बारां रेलवे
(आरओबी ओवरब्रिज एल.सी.-38) का लोकार्पण करेंगे, जिससे शहरवासियों को जाम से मुक्ति मिलेगी। इसी दौरान वे राजकीय कन्या छात्रावास और बारां-मांगरोल स्टेट हाईवे-1 के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी करेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में सांसद शाम 4 बजे जलवाड़ा पहुंचेंगे। यहां वे बराना-जलवाड़ा-नाहरगढ़ सड़क (72 किमी) के सुदृढ़ीकरण कार्य और क्षेत्रवासियों की लंबी मांग को पूरा करते हुए पार्वती नदी पर बनने वाले उच्च स्तरीय पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इन सभी बड़े प्रोजेक्ट्स से जिले की सड़क कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
हेमंत यादव
