सिन्नर स्थित गुरुवर्य मामासाहेब दांडेकर कला, भगवंतराव वाजे वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. आर. एन. भवरे के हाथों किया गया।
इस अवसर पर सातपुर के योगाचार्य प्रा. रामेश्वर उगले ने महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कर उनका अभ्यास कराया। लगभग एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में अनेक योगासन प्रस्तुत किए गए तथा उनके स्वास्थ्य संबंधी लाभों और महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
योगाचार्य प्रा. उगले ने कहा कि स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और शारीरिक सुदृढ़ता के लिए योग का विशेष महत्व है। उनके मार्गदर्शन से उपस्थित सभी लोगों में योग के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ी।
कार्यक्रम में एनसीसी विभाग प्रमुख प्रा. डॉ. एस. बी. भिसे, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रोवर-रेंजर इकाई के विद्यार्थी तथा महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी विभागों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में क्रीड़ा शिक्षक प्रा. पी. एम. खैरनार ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
संवाददाता नवनाथ आव्हाड
