क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर जनआक्रोश और सुगबुगाहट तेज हो गई है। नगर व्यापार मंडल (कंछल गुट) के अध्यक्ष गौरव गुप्ता के नेतृत्व में शुक्रवार को व्यापार मंडल की पूरी टीम, स्थानीय व्यापारियों, किसानों तथा भारी संख्या में आए ग्रामीणों के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल से जाकर मुलाकात की। इस दौरान टीम ने एक स्वर में मैलानी जंक्शन से पलिया कलां, भीरा-खीरी, तिकुनिया, मिहींपुरवा, रायबोझा होते हुए नानपारा तक के बेहद महत्वपूर्ण रेल मार्ग को ब्रॉडगेज में परिवर्तित किए जाने की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।सौपे गए ज्ञापन के माध्यम से रेलवे प्रशासन को नए अपडेट्स के साथ अवगत कराया गया कि आज जब देश के लगभग सभी हिस्सों में रेल नेटवर्क का आधुनिकीकरण हो चुका है और अधिकांश रेल मार्ग ब्रॉडगेज में परिवर्तित हो चुके हैं, तब पलिया-तिकुनिया-दुधवा क्षेत्र का यह महत्वपूर्ण रेल खंड अब भी उपेक्षित है। यह मार्ग पूरी तरह पिछड़ा हुआ है और विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए लंबे समय से अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहा है। यह रेल लाइन केवल एक परिवहन साधन नहीं, बल्कि इस क्षेत्र के लाखों लोगों, स्थानीय व्यापारियों, सीमांत किसानों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों तथा भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के यात्रियों के लिए जीवनरेखा के समान है।इस अवसर पर व्यापारियों को संबोधित करते हुए गौरव गुप्ता ने कहा कि पूरे भारत में रेल नेटवर्क का अभूतपूर्व तेजी से विस्तार और आधुनिकीकरण किया जा रहा है। ऐसे ऐतिहासिक दौर में हमारा सीमावर्ती क्षेत्र विकास की दौड़ में पीछे नहीं छूटना चाहिए। उन्होंने रेलवे प्रशासन से पुरजोर आग्रह करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को आपसे बहुत आशा एवं विश्वास है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस रेल लाइन का शीघ्र ब्रॉडगेज निर्माण कराया जाएगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। ब्रॉडगेज के अभाव में क्षेत्र का आर्थिक और व्यापारिक विकास पूरी तरह से थम गया है। बड़ी लाइन बनने से न केवल नेपाल सीमा पर सामरिक और व्यापारिक गतिशीलता बढ़ेगी, बल्कि दुधवा आने वाले पर्यटकों के लिए भी राह आसान होगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।व्यापार मंडल ने अपनी रणनीतिक मांग को आगे बढ़ाते हुए यह भी साफ किया कि ब्रॉडगेज के निर्माण कार्य की कागजी औपचारिकताओं और इसके वास्तविक क्रियान्वयन की शुरुआत होने तक क्षेत्र को लावारिस नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने रेलवे से पुरजोर मांग की कि जब तक बड़ी लाइन का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू नहीं हो जाता, तब तक वर्तमान में बंद पड़ी पुरानी रेल सेवाओं को तुरंत प्रभाव से पुनः संचालित किया जाए, ताकि रोजमर्रा के आवागमन में आम जनता, गरीब मजदूरों और छोटे व्यापारियों को हो रही भारी कठिनाइयों से तत्काल राहत मिल सके।इस मौके पर जिला महामंत्री अमित महाजन, महामंत्री जसवीर फ्लोरा, कोषाध्यक्ष श्याम आनंद, उपाध्यक्ष रमेश बाजपेई, देवेंद्र अरोड़ा, एजाज अली, रघुनाथ राठौर, अब्बास गाजी, गौरव अग्रवाल, आदित्य मौर्य, मनीष अरोड़ा, कृष्ण दत्त सिंघल, बलराम गुप्ता, जितेंद्र वर्मा, अमरीश गुप्ता, सौरभ शाक्य, रईस अली, देवेंद्र पांडे, रामजी गुप्ता, शमीम, मलिक अहमद, जमाल, सलीम, शिवम मौर्य, नफीस, जैनुल, शाहिद सहित तमाम व्यापारीगण एवं क्षेत्रवासी भारी संख्या में उपस्थित रहे।
पीयूष गुप्ता
