रीवा जिले स्थित अहीर गांव में मंगलवार सुबह कार और ऑटो की मामूली टक्कर के बाद बारातियों ने जमकर उत्पात मचाया। विवाद बढ़ने पर ऑटो सवार बारातियों ने कार चालक पर चाकू से हमला कर दिया और वाहन में भारी तोड़फोड़ की। इसके बाद आरोपियों ने मौके पर खड़ी एक अन्य बाइक में भी आग लगा दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल कार चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक, सोंधिया परिवार की बारात मंगलवार सुबह अहीर गांव से रीवा आ रही थी। सुबह करीब 10:30 बजे गांव के पास बारात में शामिल एक ऑटो और कार के बीच टक्कर हो गई। कार सवार योगेंद्र सिंह बघेल सीधी से अपने जीजा से मिलकर अहीर गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे।
विवाद बढ़ने पर किया चाकू से हमला
मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते बड़े विवाद का रूप ले लिया। इस दौरान ऑटो में सवार बारातियों ने उग्र होकर योगेंद्र सिंह बघेल पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में योगेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में तोड़फोड़ कर बाइक में लगाई आग
हमलावरों ने घायल को छोड़ने के बाद कार में जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद उन्होंने पास खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी आग के हवाले कर दिया। अचानक हुई इस हिंसक घटना और आगजनी से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
एडिशनल एसपी बोले- आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
हिंसा की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और घायल को अस्पताल भेजा। मामले को लेकर एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया, "थाना प्रभारी को आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। घटना में शामिल सभी आरोपियों को चिह्नित कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।"
