कस्बे के पुर उपनगर क्षेत्र में मोहर्रम के अवसर पर कौम-ए-हुसैन कमेटी एवं पठान समाज के तत्वावधान में लाइसेंसधारी ईदू पठान के नेतृत्व में छड़ी-झंडे की रस्म का जुलूस निकाला गया। जुलूस खेल मोहल्ले से प्रारंभ होकर कस्बे के मुख्य बाजारों से गुजरते हुए निर्धारित स्थान पर पहुंचा।
जुलूस में सैकड़ों युवक-युवतियों, बच्चों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं ने ढोल, ताशे और नगाड़ों की थाप पर पारंपरिक अंदाज में मातमी जुलूस में सहभागिता निभाई। वहीं महिलाओं द्वारा हलीम तथा बच्चों के माध्यम से राहगीरों और श्रद्धालुओं को शर्बत की छबील वितरित की गई।
मोहर्रम के अवसर पर आयोजित इस जुलूस में आपसी भाईचारे, सौहार्द और धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला। पूरे मार्ग पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही तथा लोगों ने जुलूस का स्वागत कर मोहर्रम की परंपराओं का सम्मान किया।
