सकल दिगंबर जैन समाज, अखिल भारतीय जैन युवा फेडरेशन एवं मुमुक्षु मंडल के तत्वावधान में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान के अवसर पर मांगलिक भवन में विशेष धार्मिक आयोजन "वीतरागी महाभारत" का मंचन किया जाएगा। यह आयोजन श्रीमती रेखा अनिल उपहार के निर्देशन में संपन्न होगा।
आयोजकों ने बताया कि वर्तमान समय में जहां विश्वभर में हिंसा, राग और द्वेष की प्रवृत्तियां बढ़ रही हैं, वहीं "वीतरागी महाभारत" के माध्यम से राग-द्वेष रहित जीवन का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में वीतरागता के स्वरूप एवं उसके जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
प्रवचनमाला के अंतर्गत जबलपुर से पधारे पंडित राजेंद्र कुमार जी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि संसार का कोई भी पदार्थ दुख का कारण नहीं है।
जीव पदार्थों के कारण नहीं, बल्कि अपनी मिथ्या मान्यताओं के कारण दुखी होता है। उन्होंने कहा कि जीव के वास्तविक शत्रु केवल राग और द्वेष हैं, जिनसे मुक्त होकर ही आत्मकल्याण संभव है।
दोपहर में प्रतिदिन मनीष शास्त्री, सन्मति शास्त्री, उर्वीश शास्त्री, सहज शास्त्री एवं राकेश प्रेमी द्वारा मधुर स्वर लहरियों के बीच मंडल विधान की पूजा संपन्न करवाई जा रही है
। वहीं सायंकालीन सत्र में आशीष शास्त्री द्वारा बच्चों की पाठशाला संचालित की जा रही है। दीपांशु शास्त्री, यश शास्त्री एवं मुकेश जैन द्वारा आध्यात्मिक भजनों के माध्यम से देव, शास्त्र एवं गुरु भक्ति का वातावरण निर्मित किया जा रहा है।
धार्मिक आयोजनों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
संवाददाता मोहम्मद इस्लाम
