= प्रतापनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी पवन वैष्णव को अहमदाबाद से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा (आईपीएस) के निर्देश पर फरार वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन तथा वृत्ताधिकारी सज्जन सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी सुनील ताड़ा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार 12 जनवरी 2025 को पटेल नगर निवासी भंवरलाल जाट ने प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके नाम से पंजीकृत पिकअप बोलेरो (आरजे 06 जीबी 3378) को अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में पूर्व में एक आरोपी नितिन को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी पवन पुत्र हीरालाल वैष्णव (24) घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पवन एक शातिर अपराधी है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गठित टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की सहायता से मांगरोल, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और अहमदाबाद सहित विभिन्न स्थानों पर तलाश की। लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने आरोपी को अहमदाबाद स्थित एक निजी पीजी से दबोच लिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुनील ताड़ा, हेड कांस्टेबल उषाराम, किशोर, दीपक तथा कांस्टेबल गोविंद और अशोक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
