= अखिल राजस्थान राज्य संयुक्त कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) की प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा 12 जून को भीलवाड़ा पहुंचेगी। यात्रा का नेतृत्व प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह करेंगे। यात्रा के सफल आयोजन को लेकर जिलाध्यक्ष लक्की ब्यावट, संरक्षक राजेंद्र शर्मा एवं नीरज ओझा के नेतृत्व में तैयारी बैठक आयोजित की गई।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष अमित व्यास ने बताया कि कर्मचारी जागृति यात्रा को लेकर कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। बैठक में यात्रा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
यूनियन महामंत्री समर्थ कुमावत ने बताया कि यात्रा को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। यात्रा के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों एवं लंबित मांगों के समाधान को लेकर संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
यात्रा में जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारी एवं संविदा कर्मी भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को उनकी समस्याओं तथा राज्य सरकार के समक्ष लंबित मांगों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही भीलवाड़ा जिला इकाई के पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में दोपहर 12 बजे रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला कलेक्टर को कर्मचारियों की 25 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। महासंघ पदाधिकारियों ने जिले के सभी कर्मचारी संगठनों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाने की अपील की है।
