पिपरी ग्राम पंचायत, 01 मई 2026। कलेक्टर ऋतुराज सिंह द्वारा पिपरी में विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं।
इस विशेष शिविर का आयोजन इसलिए भी किया गया क्योंकि इस क्षेत्र से कलेक्टर कार्यालय में सर्वाधिक जनसुनवाई आवेदन प्राप्त हो रहे थे। जनसुनवाई दोपहर से शुरू होकर शाम तक चली और बाद में ग्राम सभा का भी आयोजन किया गया, जिससे समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में मुरली भंवरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पीएचई विभाग की सब इंजीनियर वैष्णवी भावसार को पेयजल समस्या में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया।
वहीं फौती नामांतरण में देरी एवं कार्यप्रणाली में कमी पाए जाने पर पटवारी सूरज गंगवाल एवं नवनीत पुरंदरे को भी निलंबित किया गया। बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर जेई डी.एस. परिहार को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा लाइनमैन कृष्णकांत बघेल की 15 दिन की सैलरी काटने के निर्देश दिए गए।
मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए कलेक्टर ने बिजली करंट से झुलसे शिवराम बघेल और चैन सिंह को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
वहीं, देवझिरी निवासी नान सिंह कन्नौज को आंधी से मकान क्षतिग्रस्त होने पर 25 हजार रुपये की सहायता दी गई तथा गोपाल सेन को सोसाइटी में जमा अंश राशि न मिलने पर 10 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई।
जनसुनवाई में राजस्व, पेयजल, पेंशन, आंगनबाड़ी, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास, संबल योजना, सड़क अतिक्रमण सहित विभिन्न विषयों से जुड़े आवेदनों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
साथ ही पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड भी वितरित किए गए।
इस जनसुनवाई में लगभग 81 आवेदन प्राप्त हुए, वहीं कई ग्रामीणों ने सीधे कलेक्टर से मिलकर अपनी समस्याएं रखीं।
कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
क्षेत्र में इस पहल को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने ऐसी जनसुनवाई वर्ष में कम से कम दो बार आयोजित करने की मांग की।
पहली बार इस तरह के प्रभावी शिविर के आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया।
संवाददाता
मोतिलाल गोयल
