अमरोहा के मंडी धनौरा में शेरपुर रोड स्थित अमर सिंह डिग्री कॉलेज के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे ऑटो में सवार 22 वर्षीय कमलेश जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि नवाबपुरा निवासी कमलेश जाटव अपने जेठ की शादी की खरीदारी कर साप्ताहिक बाजार से ऑटो द्वारा गांव लौट रही थीं। तभी अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के दौरान चालक ने कट मार दिया और ऑटो पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट मौ। अज़ीम
