कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सनराइज हायर सेकेंडरी स्कूल, टिमरनी की प्रतिभावान छात्रा कुमारी याशिका कुशवाहा को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और वैज्ञानिक अभिरुचि के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने छात्रा को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने हेतु महत्वपूर्ण करियर मार्गदर्शन भी प्रदान किया। छात्रा याशिका कुशवाहा (सुपुत्री श्री हेमंत कुशवाहा) ने न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे हरदा जिले का नाम गौरवान्वित किया है। उनकी शैक्षणिक यात्रा प्रेरणादायक रही है।
सम्मान के दौरान कलेक्टर श्री जैन ने याशिका की वैज्ञानिक दृष्टिकोण और कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिले की बेटियां हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने छात्रा को सिविल सेवाओं एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
छात्रा याशिका ने वर्ष 2024 में कक्षा 10 वीं की परीक्षा में 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान बनाया। वर्ष 2026 में कक्षा 12 वीं में 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान मंथन यात्रा 2026 में मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा चयन हुआ। यात्रा के अंतर्गत इसरो और सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा जैसे देश के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों का भ्रमण किया। याशिका की इस उपलब्धि पर सनराइज स्कूल प्रबंधन और जिले के शिक्षा विभाग ने हर्ष व्यक्त किया है। कलेक्टर के मार्गदर्शन से छात्रा उत्साहित है और भविष्य में देश सेवा के क्षेत्र में योगदान देने का संकल्प लिया है।
संवाददाता अनिल मालवीय
