जिला कलेक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने शनिवार को सुवाणा पंचायत समिति के ग्राम धूमडास में राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ यात्रा के आगमन पर पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित ग्रामीणों एवं आमजन से संवाद कर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना।
जिला कलेक्टर ने बताया कि ग्राम रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों तक राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत राज्य सरकार के 13 विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ प्रचार-प्रसार सामग्री एवं साहित्य का भी वितरण किया जा रहा है।
इस दौरान ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को सड़क, विद्युत एवं जल आपूर्ति से संबंधित समस्याएं बताई जिसका जिला कलेक्टर ने त्वरित रूप से अधिकारियों को बुलाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार श्री नीरज रावत सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
