राजस्थान क्षत्रिय कुमावत युवाशक्ति समिति ने समाज की विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी रायपुर को ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि कुमावत समाज लंबे समय से स्थापत्य कला, भवन निर्माण एवं शिल्पकारी कार्यों से जुड़ा हुआ है, लेकिन समाज के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक लोग समाज का उपयोग केवल अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए कर रहे हैं, जिसे अब समाज बर्दाश्त नहीं करेगा।
ज्ञापन में स्थापत्य कला बोर्ड को पुनः बहाल करने, जातीय जनगणना में कुमावत समाज के लिए अलग कॉलम निर्धारित करने, भवन निर्माण एवं शिल्पकारी कारीगरों के लिए विशेष जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करने, सिलिकोसिस पीड़ित श्रमिकों को आर्थिक सहायता देने तथा स्थापत्य कला बोर्ड के अध्यक्ष की शीघ्र नियुक्ति की मांग की गई।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो कुमावत समाज पूरे राजस्थान में उग्र आंदोलन करेगा। साथ ही आगामी पंचायती राज एवं निकाय चुनावों में भी समाज अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करेगा।
इस दौरान मुकेश कुमावत, शिवलाल कुमावत, कृष्णगोपाल कुमावत सहित समाज के कई लोग उपस्थित रहे।
