नगर पंचायत उतई में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार, 20 मई 2026 को एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला दोपहर 3:00 बजे नगर पंचायत उतई कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई, जिसमें निकाय के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यशाला का आयोजन शासन से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में किया गया, जिसमें नगर निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों — माननीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों — को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट निस्तारण एवं नागरिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यशाला में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में केवल प्रशासन ही नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है। लोगों को घर-घर स्वच्छता के प्रति जागरूक करने, सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती नरेंद्र साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर को स्वच्छ रखने के लिए सभी नागरिकों को आगे आकर सहयोग करना होगा। वहीं उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख एवं उपस्थित पार्षदों ने भी नगर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने हेतु अपने सुझाव साझा किए।
कार्यक्रम में पार्षदगण श्रीमती रमशीला नेताम, श्री शोभेन्द्र सोनू राजपूत, श्री लक्ष्मीनारायण साहू, श्री सतीश चंद्राकर, श्रीमती लता सोनवानी, श्री भीमसेन सिन्हा, श्रीमती विजयलक्ष्मी साहू, श्री द्वारिका साहू, श्री खूबी राम साहू, श्रीमती अनीता गढ़े, सुश्री संगीत रजक एवं श्रीमती सुनीता चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री राजेंद्र नायक, उपअभियंता श्री आशीष भारती, सहायक राजस्व निरीक्षक अंकालू राम साहू सहित नगर पंचायत के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान स्वच्छता संबंधी योजनाओं के बेहतर संचालन एवं नागरिकों को जागरूक करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।
गोपेश साहू
